बहराइच/शिवपुर। सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
कोतवाली नानपारा इलाके में शुक्रवार रात करीब 10 बजे के आसपास ग्राम हांडा-बसहरी के पास हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक सांड़ से टकरा गई। बाइक सवार अल्लापुरवा रिसिया निवासी शकील (35) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी मुबारक (40) और जलालुद्दीन (32), निवासी भागाजोत रिसिया, गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. अतुल श्रीवास्तव के अनुसार शकील की मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुई। अन्य दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार शकील पीडब्ल्यूडी प्लांट में ठेकेदार थे और साथियों के साथ बाबागंज के कैलाशपुर जुम्मन गांव की ओर जा रहे थे। प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।
उधर सेमगढ़ा मोड़ पर कार की टक्कर से कोदही गांव निवासी प्रकाश कश्यप (48) की मौत हो गई। भतीजे तुलसीराम ने बताया कि प्रकाश साइकिल से बाजार गए थे और लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
फखरपुर में सड़क दुर्घटना में घायल महिला ने 19 दिन बाद शनिवार को दम तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार 24 नवंबर को मदन कोठी के पास दो बाइक की टक्कर में सुरजना कला निवासी सोनी (20) गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उनका इलाज मायके बहेलिया, फखरपुर में चल रहा था। शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।