- एसओजी और दरगाह पुलिस की संयुक्त टीम ने चांदपुरा तिराहा से पकड़ा
- एक किलो स्मैक, नकदी व उपकरण बरामद
फोटो- 05,06
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। एसओजी और दरगाह थाने की पुलिस ने बुधवार को तीन अंतरजनपदीय स्मैक तस्करों को चांदपुरा तिराहा के अलग-अलग स्थानों से पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से एक किलो स्मैक, नकदी और स्मैक पाउडर पैक करने के उपकरण बरामद हुए। बरामद स्मैक की कीमत विदेशी बाजार में एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पकड़े गए आरोपियों में दो बाराबंकी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से उनको जेल भेजा गया है।
एएसपी सिटी रामानंद कुशवाहा ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन सभागार में पकड़े गए स्मैक तस्करों का खुलासा किया। बताया लगातार जानकारी मिल रही थी शहर के कई इलाकों में स्मैक की खरीद फरोख्त चल रही है। सूचना पर एसओजी प्रभारी दिवाकर तिवारी व दरगाह इंस्पेक्टर शमशेर बहादुर की टीम ने बुधवार को इलाके के चांदपुरा तिराहा के पास से मंसूरगंज निवासी सहादत अली को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बाराबंकी जिले के जैदपुर थाना के चंदौली निवासी अपने साथी जावेद के आने की जानकारी दी। जिसे पुलिस ने बस स्टैंड के पास से पकड़ा तो उसने अपने अन्य साथी बाराबंकी निवासी शानू के बारे में बताया जो उसका माल के बदले पैसा लेकर आने का गोलवाघाट पर इंतजार कर रहा था। टीम ने तीनों को पकड़ लिया और तलाशी में एक किलो 20 ग्राम स्मैक कीमत एक करोड़ से अधिक, उपकरण और 12 हजार नकदी बरामद की। एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई कर जेल भेज दिया।