बहराइच। बौंडी इलाके में सोमवार को दो अलग-अलग स्थानों पर कुत्ते के हमले में दो सगे भाइयों समेत तीन बच्चे घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। नौबस्ता गांव में रविवार दोपहर गुफरान (9) अपने डेढ़ वर्षीय छोटे भाई अफजल के साथ घर के बरामदे में बैठकर खाना खा रहा था। इसी दौरान घर का दरवाजा खुला होने से एक कुत्ता अंदर घुस आया और उसने दोनों बच्चों पर हमला कर दिया।
बच्चों के रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों की मदद से कुत्ते को वहां से भगाया। तब तक दोनों बच्चे जख्मी हो चुके थे। परिजन उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है। दूसरी घटना इसी थाना क्षेत्र के मोहरवा गांव की है। यहां सोमवार दोपहर सोनम (6) घर के सामने खेल रही थी। तभी एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। सोनम के शोर मचाने पर परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे और कुत्ते को भगाया। हमले में सोनम के हाथ और पैर में गंभीर जख्म हुए हैं।