बहराइच। पंडितपुरवा दलजीतपुरवा निवासी ग्रामीण की तीन भैंस पांच जनवरी को दबंग पिकअप पर लाद ले गए। पीड़ित ने थाने पर सूचना दी मगर सात दिन बाद भी पुलिस ने न तो रिपोर्ट दर्ज की और न ही भैंस बरामद की हैं। पीड़ित ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
खैरीघाट थाना अंतर्गत पंडितपुरवा दलजीतपुरवा निवासी राधेश्याम ने मंगलवार को एसपी को शिकायती पत्र सौंपा। इसमें बताया कि पांच जनवरी को उसका पुत्र श्रवण कुमार तीन भैंस चरा रहा था। तभी मोतीपुर के बरुहा गांव निवासी सर्वजीत कुमार, मुकेश कुमार और कोयली वहां पहुंचे और जबरन तीनों भैंस पिकअप पर लाद ले गए।
पीड़ित ने खैरीघाट थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने मोतीपुर थाने में केस दर्ज कराने की बात कहकर उसे लौटा दिया। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों की वैवाही चौकी के एक सिपाही से मिलीभगत के चलते कहीं भी केस दर्ज नहीं हो सका। पीड़ित ने एसपी को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही भैंस बरामद किए जाने की मांग की है।