बहराइच। महिलाओं को अकेला देखकर उनके साथ चेन स्नैचिंग करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया। इनके पास से सोने की एक चेन, नकदी व बाइक बरामद हुई है। पकड़े गए दोनों बदमाशों को मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है। दो दिन पहले ही इन बदमाशों ने दिनदहाड़े एक महिला से चेन लूटी थी।
शहर में बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं को रोकने के लिए एएसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने सभी थानाध्यक्षों को सख्त निर्देश दिए थे। देहात कोतवाल ओपी चौहान को मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध बाइक सवार कहीं जा रहे हैं। इनके पास से लूट की चेन बरामद हो सकती है। इस पर कोतवाल ने तत्काल एसआई वीरपाल सिंह के नेतृत्व में टीम को कटी चौराहे के पास भेजा। पुलिस टीम ने कटी चौराहे से बहादुरपुर जाने वाले मार्ग पर दो युवकों को बाइक से आते देखा। रोकने पर वह भागने लगे। इस पर टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
तलाशी में इनके पास से सोने की एक चेन, 2250 रुपये नकदी व एक बाइक बरामद हुई है। कोतवाल ने बताया कि पूछताछ में चेन स्नैचरों की पहचान दरगाह थाना क्षेत्र निवासी नफीस उर्फ मुन्ना व नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी इरफान के रूप में हुई। कोतवाल ने बताया कि 10 जनवरी को सूफीपुरा निवासी अरुण कुमार सिंह की पत्नी पिंकी सिंह व 15 दिसंबर को नौवागढ़ी बसंत बिहार कॉलोनी निवासी रत्न ज्योति पांडेय से इन्हीं बदमाशों ने चेन लूटी थी। दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया है।