बहराइच। बहराइच से पयागपुर जा रही एक प्राइवेट बस में तीन कश्मीरी युवक सवार थे। बस यात्रियों को कुछ संदेह हुआ तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पयागपुर में पुलिस ने बस रोक कर तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। उन सभी से पूछताछ की जा रही है।
बहराइच से एक प्राइवेट बस यात्रियों को लेकर गोंडा के लिए रवाना हुई थी। बुधवार की देर शाम रवाना हुई बस में पयागपुर के कुछ लोग सवार थे। बस में तीन संदिग्ध युवक भी बैठे थे। बातचीत के दौरान कुछ संदेह होने पर यात्रियों ने पयागपुर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर प्रभारी थानाध्यक्ष बीपी शर्मा ने बस को रोक लिया। बस में सवार जम्मू के जिला पुंछ अंतर्गत थाना मंडी के हाटीगुड्डा निवासी मोहम्मद इकबाल (35) पुत्र बशीर और उसके भाई लियाकत हुसैन (22) के साथ ही उनके साथी लियाकत (20) पुत्र मोहम्मद ताज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
इन सभी के आधार कार्ड व अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। इकबाल व लियाकत ने बताया कि वह तहसील मंडी के कादरिया मुस्तफानगर स्थित सहाफुतुल उलूम मदरसा में काम करते हैं। मदरसे के लिए चंदा वसूलने के लिए वह सभी यूपी में आए हैं।
शाहजहांपुर के एक मदरसे में सभी ने अपने कपड़े आदि रख दिए थे। बहराइच, गोंडा आदि जिलों से चंदा वसूलने के बाद सभी वापस शाहजहांपुर जा रहे थे। इस बारे में प्रभारी थानाध्यक्ष बीपी शर्मा ने बताया कि उच्चाधिकारियों को सूचना देने के साथ ही पुंछ जिले की पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है। पुष्टि होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।