पयागपुर के सहसरावां गांव में मकान में चोरी के बाद बिखरा सामान।
- फोटो : पयागपुर के सहसरावां गांव में मकान में चोरी के बाद बिखरा सामान।
पयागपुर। सहसरावा गांव में रविवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राधाकृष्ण मिश्र के घर में चोर दीवार फांदकर घुस गए और कमरे का ताला तोड़कर अलमारी व बक्सों को खंगाला। पीड़ित के अनुसार, चोर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के जेवरात व कुछ नकदी लेकर भाग गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि राधाकृष्ण मिश्र के तीनों बेटे एसएसबी और सेना में तैनात हैं, जिसके चलते वे बाहर रहते हैं। घर में केवल महिलाएं थीं, जो घटना के समय गहरी नींद में सो रही थीं। इसके बाद चोरों ने पड़ोसी शिवराम वर्मा के घर को भी निशाना बनाया। वहां सेंधमारी कर घर में घुसे चोरों ने बक्से में रखी सोने की मटरमाला और नकदी सहित लगभग दो लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पयागपुर थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है और जल्द ही चोरी के आरोपियों को दबोच लिया जाएगा। (संवाद)