बाबागंज (बहराइच)। कस्बा स्थित ब्लाॅक मुख्यालय के परिसर में बृहस्पतिवार को भारतीय किसान यूनियन भानु गुट की मासिक पंचायत हुई। इस मौके पर संगठन के पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं पर मंथन करते हुए निस्तारण कराने की आवाज उठाई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के जिलाध्यक्ष पतीराम चौधरी ने की। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक माह होने वाली मासिक बैठक में किसानों व अन्य समस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाता है, लेकिन ज्यादातर मामलों में कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। कार्रवाई न होने पर सभी ने प्रशासनिक अमलों के प्रति अपनी गहरी नाराजगी जताई। पदाधिकारियों ने कहा कि चर्दा मुख्यालय पर स्थित सीएससी व पीएचसी में चिकित्सक समय से नहीं पहुंचते हैं।
वहीं, प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित तालाब गंदगी से पटा हुआ है। साफ-सफाई न होने से क्षेत्र में संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा बना रहता है। बैठक में अन्य समस्याओं पर भी मंथन कर उनके शीघ्र निस्तारण की माग की गई। इस मौके पर लल्लन प्रसाद फौजी, कासिम खान, विजय कुमार रावत, छेदीराम, रामसागर मिश्र, रामदयाल वर्मा, शिवराम यादव, अमेरिका प्रसाद साहू, आसमा बेगम, सरोज कुमारी, राम स्वरूप जायसवाल आदि मौजूद रहे।