बहराइच मेडिकल कॉलेज में परचा काउंटर पर लगी भीड़। -संवाद
बहराइच। तराई क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदलते ही बीमारियों ने पैर पसारना शुरू कर दिया है। इसका असर सोमवार को महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय की ओपीडी में साफ दिखा, 2040 से अधिक मरीजों का उपचार किया गया।
सोमवार सुबह परचा काउंटर खुलते ही मरीजों की लंबी कतार लग गई। कई लोगों को परचा बनवाने में ही घंटों इंतजार करना पड़ा। ढपालीपुरवा से आए मेराज ने बताया कि पत्नी को पेट दर्द की शिकायत है, लेकिन परचा बनवाने में ही करीब दो घंटे लग गए।
मेडिसिन विभाग में सबसे ज्यादा भीड़ रही। कक्ष के बाहर और बरामदे तक मरीजों की लाइन लगी रही। दरगाह निवासी बबलू ने बताया कि बेटे को सीने में दर्द है। सुबह 10:30 बजे पहुंचने के बाद भी उन्हें डॉक्टर को दिखाने के लिए एक घंटा इंतजार करना पड़ा। हड्डी रोग, बाल रोग और महिला विंग में भी अच्छी-खासी भीड़ रही।
सीएमएस डॉ. एमएमएम त्रिपाठी ने बताया कि मौसम बदलने से सर्दी-जुकाम, बुखार और पेट दर्द के मरीज बढ़े हैं। सभी का उपचार कर आवश्यक दवाएं और जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।