धरसवां क्षेत्र में सूखी पड़ी नहर।
- फोटो : धरसवां क्षेत्र में सूखी पड़ी नहर।
धरसवा। रवी की फसलों की सिंचाई का समय आ चुका है, लेकिन क्षेत्र में नहरों और माइनरों में पानी नदारद है। सरयू नहर की दो मुख्य शाखाएं तरबगंज और गोंडा इस समय पूरी तरह सूखी पड़ी हैं। गेहूं और सरसों की फसलों को पानी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, लेकिन नहरों में पानी न होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
किसान मजबूरी में मोटर और पंपसेट से सिंचाई कर रहे हैं, जिससे उनकी लागत तेजी से बढ़ रही है। किसान अमरजीत सिंह ने बताया कि गेहूं की सिंचाई के लिए पानी जरूरी है, लेकिन नहर सूखी है, ऐसे में फसल खराब होने का डर है। धरसवा निवासी राजकुमार सिंह ने कहा कि कुछ खेतों में पंपसेट से पानी दे रहा हूं, लेकिन अगर नहर में पानी होता तो खर्चा काफी कम हो जाता।उन्होंने बताया कि डीजल इंजन से सिंचाई करनी पड़ रही है, जिससे लागत और बढ़ रही है। सरयू नहर खंड पंचम के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि जल्द ही नहरों में पानी छोड़ा जाएगा और किसानों की समस्या दूर होगी।