रानीपुर (बहराइच)। हरिहरपुर मुंशीपुरवा गांव निवासी एक युवक अपनी मां का इलाज कराने लखनऊ के लोहिया अस्पताल गया था। वहां पर हुई जांच में युवक कोरोना संक्रमित निकला। उधर मां का इलाज कराने के बाद युवक बुधवार को घर लौट आया था। इस पर लखनऊ अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना जिले में स्वास्थ्य विभाग को इसके बाद स्वास्थ्य कर्मियों ने युवक को कोविड लेवल वन अस्पताल में भर्ती कराया है। परिवार के अन्य सदस्यों का सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा गया है। गांव को हॉटस्पाट बना दिया गया है।
हुजूरपुर विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत हरिहरपुर मुंशीपुरवा निवासी युवक मुंबई में रहकर काम करता था। ग्रामीणों के मुताबिक लॉकडाउन से पूर्व वह गांव आया था। मां की तबियत खराब होने पर युवक दो दिन पूर्व उन्हें लेकर लखनऊ के लोहिया अस्पताल पहुंचा। यहां पर चिकित्सकों ने युवक का सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजा था। जांच में युवक संक्रमित निकला है। उधर मां का इलाज कराने के बाद युवक बुधवार को घर आ गया था। इस पर लखनऊ अस्पताल प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को मामले की जानकारी दी गई।
सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह ने बताया कि संक्रमित युवक को चित्तौरा स्थित कोविड लेवल वन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संक्रमित युवक के अन्य परिवारीजनों का सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा गया है। वहीं अब जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 124 पहुंच गई है। युवक के संक्रमित मिलने पर एसडीएम सदर रामचंद्र यादव और खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह गुरुवार को गांव पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में गांव को सैनिटाइज कराया गया, साथ ही बैरिकेडिंग लगाकर आवागमन रोक दिया गया है। बीडीओ ने बताया कि कर्मचारियों को आवश्यक खाद्य सामग्री पहुंचाने के लिए नामित किया गया है।