बहराइच। पातेपुर डिहवा निवासी महिला ने शुक्रवार को घर के बाहर लगे पेड़ पर फंदे से लटक अपनी जान दे दी। पति ने भी दो माह पूर्व फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पति की मौत के बाद से महिला मानसिक रूप से काफी परेशान रहती थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी है।
डिहवा गांव निवासी सुशीला (18) ने शुक्रवार को अपने घर के बाहर लगे पेड़ पर फंदा लगा लिया। आसपास के ग्रामीणों ने पेड़ पर शव लटका देखकर ससुर छेदी व पुलिस को सूचना दी। पुलिस कर्मियों ने शव को ग्रामीणों की सहायता से पेड़ से उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुशीला के ससुर छेदी ने बताया कि उसके बेटे प्रकाश व बहू के बीच दो माह पूर्व किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इससे उनका बेटा कई दिनों तक मानसिक रूप से परेशान रहा। इसी बीच उसने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी थी। प्रकाश की मौत के बाद से बहू भी उदास रहने लगी।
परिजनों ने कई बार उसे सांत्वना देते हुए पुरानी बातें भूल जाने की बात कही, लेकिन वह गुमसुम बनी रहती थी। मानसिक रूप से परेशान होने पर उसने रात में फंदे से लटक कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। प्रभारी निरीक्षक शमशेर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।