नवाबगंज में मंगलवार को बारिश के दौरान पन्नी ओढ़कर गुजरते बच्चे।
बहराइच/नवाबगंज। तराई क्षेत्र में मंगलवार को तेज बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया। इस बारिश से जहां तापमान में गिरावट आई है वहीं आम टूट कर गिरने से बागबान परेशान हैं। वहीं दूसरी तरफ गन्ने की फसल के लहलहाने के आसार हैं। हालांकि बारिश को लेकर मौसम विभाग ने पूर्वनुमान जारी किया था।
नवाबगंज व आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार की सुबह से हुई बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से भी राहत मिली। क्षेत्र के मेराज अहमद, हसीब अहमद, रशीद अहमद आदि किसानों ने बताया कि कई दिनों से क्षेत्र में बरसात नही हुई थी। इससे गन्ने की फसल में पानी लगाने की नौबत आ गई थी। लेकिन बरसात से गन्ना के किसानों को ज्यादा फायदा हुआ है।
मोहल्लों से लेकर मंडी तक खूब बिके कच्चे आम
तेज हवाओं के कारण आम के पेड़ों से कच्चे आम भारी मात्रा में गिरे। इसका परिणाम रहा कि मंगलवार को मंडी से लेकर मोहल्ले तक ठेलों में कच्चे आम बीस रुपए प्रति किलो में बिका ।
बारिश और तेज हवाओं की भविष्यवाणी
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है। इसमें तराई क्षेत्र में आने वाले 24 घंटों में तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं। उसके बाद मौसम में तपिश बढ़ने की आशंका है। मौसम में आए इस बदलाव से किसान खाली खेतों की ओर से रुख कर रहे हैं। इस बार बारिश जुलाई अगस्त में भी अच्छी बारिश की आशंका जताई जा रही है।
मौसम का हाल
बरसात के बाद मंगलवार को अधिकत तापमान 32.2 व न्यूनतम 22.6 डिग्री रहा। हवा की गति 7.4 प्रति किलोमीटर रहा।