जरवलरोड में सड़क हादसे में पलटी वैन। -संवाद
जरवलरोड। बहराइच-लखनऊ मार्ग पर रिठौरा गांव के पास सोमवार दोपहर एक वैन पलट गई, जिसमें सवार चालक सहित सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पाकर मौके पर जा रहे चौकी प्रभारी घाघराघाट भी सड़क हादसे का शिकार हो गए।
चौकी इंचार्ज दिनेश कुशवाहा को गंभीर हालत में बहराइच मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार सीएचसी मुस्तफाबाद में किया जा रहा है।
एसएचओ जरवलरोड संतोष कुमार सिंह ने बताया कि वैन में सवार घायलों में बहाल (20), अखिलेश प्रजापति (18), कामता प्रसाद (29), लवकुश (19) और प्रदीप निवासी कहारनपुरवा, रुपईडीहा, सलीम (55), छोटेलाल (26) निवासी रायपुर थैलिया हरदी तथा अहमद अली (32) निवासी वजीर गंज कैंसरगंज शामिल हैं। सभी का इलाज जारी है, घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।