मिहींपुरवा के उर्रा में स्वतंत्रता दिवस के छठवें दिन भी फहरा रहा तिरंगा।
- फोटो : BAHRAICH
उर्रा (बहराइच)। तिरंगे के अपमान का सिलसिला जारी है। उर्रा बाजार में स्थित पंचायत भवन के ऊपर स्वतंत्रता दिवस के छठे दिन भी तिरंगा फहरा रहा है। इतना ही नहीं तिरंगा झुका भी हुआ है। इसे लोग तिरंगे के अपमान की बात कह रहे हैं, लेकिन क्षेत्रीय अधिकारी व जनप्रतिनिधि इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने एसडीएम से इसकी शिकायत की है।
स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को जिले में धूमधाम के साथ मनाया गया, लेकिन लोग आजादी का जश्न मनाने के बाद तिरंगे को उतारना ही भूल गए। सोमवार को शिवपुर विकास खंड के नकहा में पंचायत सचिवालय भवन पर तिरंगा फहरा रहा था। अभी यह मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि मिहींपुरवा विकास खंड के उर्रा बाजार में स्थित पंचायत भवन पर झंडा फहरते मिला।
मंगलवार को गांव के लोग पंचायत भवन पहुंचे तो देखा कि झंडा झुका हुआ फहरा रहा है। उन्होंने इसकी सूचना क्षेत्रीय अधिकारियों को दी, लेकिन देर शाम तक झंडा उतारा नहीं जा सका। इस मामले में लोगों ने उपजिलाधिकारी को भी फोन कर अवगत कराया।
ग्राम विकास अधिकारी विजय शर्मा ने बताया कि झंडा पंचायत भवन के ऊपर फहरा होने की जानकारी मिली है। गांव पहुंचकर उसे उतरवा दिया जाएगा। वहीं, तिरंगे के अपमान को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने एसडीएम मोतीपुर से भी इसकी शिकायत की है। एसडीएम बाबूराम ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।