मोतीपुर थाना क्षेत्र के गायघाट में फूड विभाग के अधिकारी को घेरकर झड़प करते लोग।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा औषधि विभाग की टीम ने मंगलवार को गायघाट स्थित एक मिष्ठान विक्रेता के यहां छापा मारा। इस दौरान व्यवसायी व उसके सहयोगियों ने टीम पर हमला कर दिया। मौके की नजाकत देखकर टीम बैरंग लौट आई। टीम नेे घटना की सूचना डीएम को दी है।
दीपावली पर्व में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाने को लेकर डीएम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा औषधि विभाग की टीम मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चला रही है। मंगलवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमरेश कुमार की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राघवेंद्र प्रसाद वर्मा, राजेंद्र पांडेय, एसपीएन सिंह की टीम मोतीपुर थाना क्षेत्र के गायघाट पंहुची।
टीम यहां कमाल की मिष्ठान की दुकान पर मावा व मिष्ठान का नमूना लेने लगी। इसी दौरान दुकान संचालक व उसके सहयोगियों ने टीम पर हमला कर दिया। मारपीट की स्थिति बन गई। सूत्रों की मानें तो हमले में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को चोट भीं आई हैं। सहयोगियों ने लिया गया नमूना छीन लिया। घटना के दौरान टीम किसी तरह जान बचाकर जिला मुख्यालय लौट आई।
मामले में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमरेश कुमार ने बताया कि मिलावटखोरों के खिलाफ चलाया जा रहा है। गायघाट में अभियान के दौरान टीम पर मावा व मिष्ठान विक्रेता कमाल व उनके सहयोगियों ने टीम के साथ धक्कामुक्की कर एकत्रित किए गए नमूने छीन लिए। सीएफओ कुमार ने बताया कि घटना की सूचना डीएम को दी गई। डीएम के निर्देश के बाद संबंधित मावा विक्रेता पर विभागीय कार्रवाई की जायेगी।