रिसिया (बहराइच)। क्षेत्र स्थित विद्यालय में मंगलवार को पढ़ाई के बाद पैदल घर जा रहे कक्षा दो के छात्र को बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे से लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
रिसिया थाना क्षेत्र के अचरौरा गांव निवासी सचिन (11) पुत्र राजितराम मझौवा बुजुर्ग में स्थित एक पब्लिक स्कूल में कक्षा दो का छात्र था। प्रतिदिन की तरह सुबह सचिन विद्यालय में पढ़ने गया। स्कूल में छुट्टी होने पर वह दोपहर बाद करीब तीन बजे पैदल घर जा रहा था। इसी दौरान एक भट्ठे से बालू भरकर आ रही बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सचिन को रौंद दिया, जिससे मौके पर ही छात्र की मौत हो गई।
हादसे से लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर दरगाह व रिसिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी के बाद परिवारीजन भी रोते-बिलखते मौके पर पर पहुंचे। थानाध्यक्ष डीके श्रीवास्तव ने बताया कि छात्र के पिता की तहरीर पर चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है। छात्र की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है।