भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी कमांडेंट से मिलते नेपाल के एपीएफ आईजी।
रूपईडीहा। भारत-नेपाल सीमा पर दोनों देशों के बीच रोटी-बेटी संबंध व सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को एसएसबी 42वीं वाहिनी के कमांडेंट गिरीश चंद्र पांडेय ने नेपाली सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के आईजी नारायण दत्त पौडेल से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के अधिकारियों ने भारत-नेपाल सीमा से जुड़े विभिन्न मुद्दों, सुरक्षा व्यवस्था तथा सीमा पर आपसी समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने कहा कि दोनों देशों के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के संबंधों और भाईचारे को और मजबूत करते हुए सीमा को सुरक्षित बनाए रखना दोनों पक्षों की प्राथमिकता है।
दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण भी किया तथा सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों के बीच समन्वय को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। दोनों देशों के अधिकारियों ने आपसी सहयोग के साथ सीमा को सुरक्षित रखने और किसी भी चुनौती से मिलकर निपटने की प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान सहायक कमांडेंट अभिषेक कुमार, इंस्पेक्टर अभिषेक त्रिपाठी तथा नेपाली एपीएफ के एसपी भीम बहादुर चंद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।