बिछिया (बहराइच)। कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र के कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत आंबा और भवानीपुर गांव के पास दो दिन से बाघ की दहाड़ सुनायी पड़ रही है। इससे लोगों में दहशत है। ग्रामीण जाग कर रात गुजार रहे हैं। मामले की सूचना देने के बाद भी कोई भी वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा है।
कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र के कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत आंबा और भवानीपुर गांव के निकट दो दिनों से बाघ ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। रात में अचानक गांव के निकट बाघ की दहाड़ सुनाई पड़ रही है। आबादी के निकट बाघ की हलचल को देखकर ग्रामीण दहशत में हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि अभी हाल ही में बिछिया के निकट बाघ ने एक बच्चे को निवाला बना लिया था। जबकि बाजार से लौट रहे राहगीर को जंगल में ले जाकर मार डाला था। बाघ के बढ़ते हमलों के बाद आबादी की ओर रात में उसकी मौजूदगी ग्रामीणों में दहशत पैदा कर रही है। ग्रामीण रात में एकत्रित होकर किसी तरह जागकर लोगों को सतर्क कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में बाघ के होने की सूचना रेंज कार्यालय को भी दी है। इसके बाद भी वन विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। इस बारे में रेंजर पीयूष मोहन श्रीवास्तव का कहना है कि वन कर्मियों को मौके पर भेजकर बाघ को जंगल की ओर भेजने का प्रयास किया जाएगा। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की जरूरत है।