बहराइच में क्रय केंद्र का निरीक्षण करते नोडल अधिकारी।
बहराइच। गेहूं खरीद को तेज करने के लिए शासन सख्त नजर आ रहा है। इसी कड़ी में नामित नोडल अधिकारी और विशेष सचिव आयुष विभाग हरिकेश चौरसिया ने जिले का दौरा कर पयागपुर और रिसिया मंडी स्थित गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित विभाग के अधिकारियों को गेहूं खरीद की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय नोडल अधिकारी ने केंद्रों की व्यवस्थाओं को करीब से देखा और वहां मौजूद किसानों से बातचीत कर सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। किसानों ने अपनी समस्याएं भी रखीं, जिस पर उन्होंने ने तुरंत ध्यान देने का भरोसा दिया। उन्होंने किसानों को समझाया कि वह अपनी फसल सीधे क्रय केंद्रों पर बेचें, जिससे उन्हें सरकार द्वारा तय 2585 रुपये प्रति क्विंटल का पूरा लाभ मिल सके।
नोडल अधिकारी ने यह भी कहा कि किसान जल्द से जल्द फार्मर आईडी बनवा लें, ताकि सरकारी योजनाओं का फायदा आसानी से मिल सके। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी क्रय केंद्राें पर साफ-सफाई, पेयजल और छाया की बेहतर व्यवस्था रहे और किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।
इसके बाद उन्होंने रिसिया स्थित एसडब्ल्यूसी डिपो का निरीक्षण कर गेहूं उठान की स्थिति जानी। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 2312 किसानों से 15665.45 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है और भुगतान भी किया गया है। नोडल अधिकारी ने सचल क्रय केंद्रों को सक्रिय करने, किसान संपर्क रजिस्टर रखने और व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर किसानों को जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि कहीं भी घटतौली की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।