डाक बंगले में परियोजनाओं को लोकार्पण करते सांसद।
बहराइच। सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड ने बृहस्पतिवार को लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में आयोजित समारोह में आठ करोड़ से अधिक लागत की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं से जिले में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। सांसद ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत 4 करोड़ 91 हजार 988 रुपये लागत की 33 परियोजनाओं तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 3 करोड़ 99 लाख 22 हजार 40 रुपये लागत की 36 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं में इंटरलॉकिंग सड़क, सीसी रोड, सोलिंग, पुल-पुलिया और नाली निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।
सांसद ने बताया कि कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड (यूपीएसआईसी) निर्माण खंड-4 ने परियोजनाओं को पूरा कराया है। इन विकास कार्यों का उद्देश्य गांवों और शहरों को बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बहराइच के प्रतिनिधि एवं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल, भाजपा जिला महामंत्री रणविजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, जिला विकास अधिकारी राजकुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक अभियंता इंजीनियर चंद्र प्रकाश त्रिवेदी ने किया।