विशेश्वरगंज। जलालपुर गांव निवासी एसएसबी जवान प्रवेश मिश्र पर सोमवार रात दबंगों ने हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी के साथ भी हाथापाई करते हुए उनका मंगलसूत्र छीन लिया। पुलिस ने अज्ञात 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वह अपनी मां, पत्नी और बेटी के साथ घर जा रहे थे। रात करीब नौ बजे वे पुरैना मोड़ पर पहुंचे। कार रोककर वह सब्जी और अन्य घरेलू सामान खरीदने के लिए नीचे उतरे। इसी दौरान कार के पास खड़े कुछ युवक सिगरेट पीते हुए धुआं कार की ओर उड़ाने लगे। इस पर प्रवेश ने विरोध जताते हुए उन्हें अलग हटकर सिगरेट पीने को कहा।
विरोध करने पर युवक भड़क उठे और अपने अन्य साथियों को बुलाकर उनपर हमला कर दिया। एसएसबी जवान पर हमले से चौराहे पर अफरातफरी मच गई। पीड़ित की मां बिट्टू देवी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी संदीप द्विवेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।