परिचालक की लापरवाही से झुलसा संविदा विद्युत कर्मी।
शिवपुर। गुजरातीपुरवा गांव में ट्रांसफार्मर की मरम्मत के दौरान शटडाउन लेने के बावजूद अचानक विद्युत आपूर्ति चालू हो जाने से एक संविदाकर्मी गंभीर रूप से झुलस गया। पीड़ित की शिकायत पर अवर अभियंता ने उपखंड अधिकारी (एसडीओ) महसी को पत्र भेजकर संबंधित कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की है।
संविदाकर्मी रिंकज मिश्रा ने बताया कि सोमवार को वह अवर अभियंता बृजेश कुमार गुप्ता के निर्देश पर ग्राम गुजरातीपुरवा में खराब ट्रांसफार्मर की मरम्मत करने गए थे। कार्य शुरू करने से पहले शटडाउन लिया गया था। आरोप है कि मरम्मत कार्य के दौरान बेहड़ा विद्युत उपकेंद्र पर तैनात टीजी-2 रुद्र प्रताप ने अचानक लाइन चालू कर दी, जिससे करंट लगने से वह खंभे से नीचे गिर पड़े और उनका बायां हाथ व पैर गंभीर रूप से झुलस गया। उन्होंने अधीक्षण अभियंता को पत्र भेजकर संबंधित विद्युतकर्मी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। उधर, अवर अभियंता बृजेश कुमार गुप्ता ने भी मामले की जांच कर दोषी कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की है।