स्टेडियम में फुटबॉल का अभ्यास मैच खेलते खिलाड़ी। -संवाद
बहराइच। शहर के सिविल लाइन स्थित इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को खेलो इंडिया टीम और स्टेडियम टीम के बीच रोमांचक अभ्यास फुटबॉल मैच खेला गया। पूरे मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। शुरुआत से ही खेलो इंडिया टीम ने आक्रामक खेल अपनाया और लगातार विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।
इसके चलते टीम ने शानदार तालमेल के साथ तीन गोल दागकर मुकाबले में मजबूत बढ़त हासिल कर ली।स्टेडियम टीम ने भी हार नहीं मानी और जवाबी हमला करते हुए एक गोल कर मुकाबले में वापसी की कोशिश की। हालांकि खेलो इंडिया टीम की मजबूत रक्षा पंक्ति और बेहतर रणनीति के सामने वह ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी। निर्धारित समय तक खेलो इंडिया टीम ने 3-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच में रेफरी की जिम्मेदारी फुटबॉल कोच राकेश पासवान और विनोद कुमार ने निभाई।