बौंडी। सहकारिता विभाग ने जिले के किसानों को बड़ी सौगात देने की तैयारी शुरू कर दी है। तेजवापुर क्षेत्र स्थित बहउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति (बी-पैक्स) ललईबाग को जिले की पहली मॉडल सहकारी समिति के रूप में विकसित किया जाएगा। इसका प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद यह समिति बहुउद्देशीय सेवा केंद्र के रूप में कार्य करेगी, जहां किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं एक ही परिसर में मिल सकेंगी।
सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मॉडल पैक्स के माध्यम से किसानों को खाद-बीज, फसल खरीद, किसान क्रेडिट कार्ड, जन औषधि केंद्र और लोकवाणी केंद्र जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी। इससे किसानों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए ब्लॉक या जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। समिति परिसर को आधुनिक संसाधनों से लैस किया जाएगा। यहां कंप्यूटर, प्रिंटर सहित डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। भविष्य में सोलर पैनल लगाकर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी योजना है। समिति अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने कहा कि मॉडल पैक्स बनने से क्षेत्र के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और उनका समय व खर्च दोनों बचेंगे।