पयागपुर (बहराइच)। थाना क्षेत्र के पैड़ी गांव निवासी एक युवक खेत की रखवाली करने के लिए गया था। सोमवार को दोपहर उसका शव पुलिया के पास पड़ा मिला। आसपास के लोगों की सूचना पर परिवारीजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। परिवारीजनों ने गांव के ही एक युवक पर रंजिश में हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पयागपुर थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत पैड़ी निवासी फूलचंद्र (25) पुत्र ढोढ़े सोमवार सुबह खेत की रखवाली के लिए गया था। काफी देर तक वह घर नहीं पहुंचा। दोपहर करीब 12 बजे गांव के लोगों ने पैड़ी पुलिया के पास उसका शव पड़ा देखा। इस पर परिवार के लोगों को सूचना दी। परिवारीजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। परिवारीजनों ने फूलचंद्र की हत्या का आरोप गांव निवासी एक युवक पर लगाया।
परिवारीजनों का कहना है कि एक हफ्ते पूर्व गांव निवासी युवक से फूलचंद्र का विवाद हुआ था। युवक ने फूलचंद्र को देख लेने और जान से मारने की धमकी दी थी। कार्यवाहक थानाध्यक्ष आरपी यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिवारीजनों के आरोपों की भी जांच की जा रही है।