रुपईडीहा कस्बे में लगी स्ट्रीट लाइट।
रुपईडीहा (बहराइच)। भारत-नेपाल सीमा स्थित नगर पंचायत में स्ट्रीट लाइट परियोजना को गति मिलने वाली है। विद्युत विभाग व नगर पंचायत प्रशासन द्वारा परियोजना को गति पहुंचाने के लिए कार्य शुरू कर दिया है। शीघ्र ही नगर पंचायत की अंधेरे में डूबी सड़कें जगमग होने लगेंगी।
सीमा से सटी रुपईडीहा नगर पंचायत के प्रमुख मार्गों पर कई माह पूर्व स्ट्रीट लाइट परियोजना के तहत लाइटें लगाई गई थीं, लेकिन बिजली विभाग की लापरवाही इसमें रोड़ा बनी हुई थी। जबकि नगर पंचायत प्रशासन ने बीते एक मार्च को ही परियोजना को गति पहुंचाने के लिए बिजली विभाग के खाते में 15 लाख की धनराशि हस्तांतरित कर दी थी। विभाग को नगर पंचायत स्थित राना पेट्रोलपंप से नो मेंस लैंड तक करीब 2.25 किलोमीटर की लंबी दूरी तक 11 हजार की एचटी लाइन बिछाकर बिजली आपूर्ति शुरू करनी थी। बिजली विभाग को एक उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर भी स्थापित करना था। लेकिन, समन्वय के अभाव में यह काम लटका रहा।
परियोजना पर फिर से काम शुरू हुआ है। विभाग के अवर अभियंता शंभूदयाल का कहना है कि नगर पंचायत की परियोजना पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा रामलीला चौराहे पर खंभों के स्थानांतरण और कब्रिस्तान व अंत्येष्टि स्थल की भी हाईमास्ट लाइटों के कनेक्शन कार्य भी पूरा करा दिया जाएगा। वहीं नगर पंचायत के चेयरमैन डाॅ.उमाशंकर वैश्य ने बताया कि कार्य को गति पहुंचाने के लिए लगातार विभागीय अधिकारियों से संपर्क जारी था। अब बिजली विभाग के आपसी समन्वयता से शीघ्र कार्य पूरा होने की उम्मीद है।