जरवलरोड में बिना अनुमति के रेलवे के ठेकेदार द्वारा खोद दिया प्लेटफॉर्म।
- फोटो : जरवलरोड में बिना अनुमति के रेलवे के ठेकेदार द्वारा खोद दिया प्लेटफॉर्म।
जरवलरोड। रेलवे स्टेशन जरवलरोड पर ठेकेदार की मनमानी सामने आई है। बिना किसी अनुमति के रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक के पास ठेकेदार ने जेसीबी लगाकर बड़ा गड्ढा खोदवा दिया। इसकी जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी नाराज हो गए। मामला सामने आने के बाद अब ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।
बताया जा रहा है कि प्लेटफार्म नंबर एक के पास रेल पटरियों के आसपास निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान ठेकेदार ने बिना विभाग को सूचना दिए गहरे गड्ढे खोदवा दिए। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि प्लेटफार्म नंबर एक पहले से ही काफी नीचा है, जिससे यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में परेशानी होती है। ऐसे में गड्ढा खोद देना यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है।
रेलवे के जिम्मेदार अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और पूरी जिम्मेदारी जीआरपी गोंडा को सौंपी गई है। रेलवे अधिकारी सुबीर कुमार ने बताया कि ठेकेदार ने नियमों का उल्लंघन किया है और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।