नेपाल में आंदोलन और तेज हो गया है। शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान बर्दिया जिले में प्रदर्शनकारियों और पुलिस में जमकर झड़प हुई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने एक हवलदार को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उधर, सीमा पर मधेसी मुक्ति के कार्यकर्ताओं ने डेरा जमा लिया है। भारत से पैदल आवागमन पर भी रोक लगा दी है।
नेपाल में स्वायत्त मधेस प्रदेश स्थापना की मांग और तेज हो गई है। शुक्रवार दोपहर बहराइच सीमा से सटे बर्दिया जिले के मैना पोखर में मधेस प्रदेश की मांग कर रहे लोगों ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान नेपाल पुलिस ने घेराबंदी कर प्रदर्शन रोकने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारी पुलिस से भिड़ गए। प्रदर्शनकारियों ने हवलदार देवबहादुर चंद्र (35) पर लाठी और धारदार हथियारों से हमला कर उसे मरणासन्न कर दिया। आनन फानन में घायल हवलदार को नेपालगंज नर्सिंग होम पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। एसपी बसंत पंत ने बताया कि संघर्ष के दौरान हवलदार घायल हुआ था।
उधर, संयुक्त तराई मधेस संघर्ष समिति के तत्वाधान में आंदोलनकारी प्रवक्ता पशुपति दयाल मिश्र, पूर्व मंत्री इश्तियाक राई, कामता सोनकर आदि अगुवाई में इंडो-नेपाल सीमा पर नेपाल में रात से डेरा जमाए हुए हैं।
भारत से नेपाल जाने वाली गाड़ियों समेत पैदल लोगों को भी नेपाल में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है, जिससे अफरातफरी की स्थिति बनी हुई है। भारतीय क्षेत्र में वाहनों की कतारें लगी हुई हैं। वहीं सीमा पर आंदोलनकारियों के जमावड़े को देखते हुए एसएसबी ने गश्त तेज कर दी है।