बहराइच। जिले में एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर नजर बनाए रखने के लिए बुधवार शाम अधिकारियों की टीम गठित कर दी गई। गठित टीम में सदर क्षेत्र में नगर मजिस्ट्रेट तथा तहसीलों में एसडीएम को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीएम अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि पेट्रोलियम पदार्थ व एलपीजी गैस सिलिंडर की जमाखोरी की भी शिकायतें सामने आई हैं। ऐसी स्थिति में बिक्री पर निगरानी रखने के लिए जिले में टीम गठित की गई है।
उन्होंने बताया कि सदर क्षेत्र में नगर मजिस्ट्रेट की अगुवाई में डीएसओ, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, सीओ, वरिष्ठ निरीक्षक माप विज्ञान तथा संबंधित ऑयल और एलपीजी कंपनी के विक्रय अधिकारियों की टीम बनाई गई है। वहीं तहसील सदर, पयागपुर, कैसरगंज, नानपारा, महसी और मोतीपुर में संबंधित तहसील के एसडीएम के नेतृत्व में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, सीओ/एसओ, वरिष्ठ निरीक्षक माप विज्ञान और संबंधित ऑयल व एलपीजी कंपनी के विक्रय अधिकारियों को शामिल कर टीमें गठित की गई हैं।