लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिलते रुपईडीहा नगर पंचायत अध्यक्ष।
रुपईडीहा (बहराइच)। नगर पंचायत में व्याप्त समस्याओं को लेकर चेयरमैन ने बीते सोमवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को नगर पंचायत की समस्याओं से अवगत कराते हुए समाधान की मांग की।
नगर पंचायत रुपईडीहा के चेयरमैन डाॅ.उमाशंकर वैश्य ने बताया कि नगर पंचायत के गठन के बाद से यहां अभी तक किसी भी अधिशासी अधिकारी की तैनाती नहीं की गई है। कार्यालय में बाबू की भी तैनाती नहीं है। इससे नगर पंचायत में विकास का पहिया रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है। अधिकारियों व कर्मचारियों के अभाव में योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंचाने में खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से नगर पंचायत की विभिन्न समस्याओं को अवगत कराते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती कर समस्याओं के समाधान की मांग की गई है। चेयरमैन ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया है।