विशेश्वरगंज/पुरैना(बहराइच)। सीएचसी विशेश्वरगंज पर मंगलवार शाम पहुंचे कार सवार दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। दबंगों ने सीएचसी में तोड़फोड़ की और मेडिकल स्टाफ को पीटा। सीएचसी अधीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि मंगलवार को बहराइच निवासी विवेक सिंह, पयागपुर निवासी देवराज यादव, गोंडा जिले के खरगूपुर के आर्यनगर निवासी प्रमोद शर्मा, जगन्नाथ शर्मा, भोले विश्वकर्मा व लक्ष्मीनारायण विश्वकर्मा सीएचसी पहुंचे और तोड़फोड शुरू कर दी। वहीं जब कर्मियों ने विरोध किया तो गाली-गलौज व मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने पहुंचे स्टाफ नर्स के पति पंकज सिंह को पीटा, जिसमें वे घायल हो गए। सीएचसी के कई उपकरणों को नुकसान हुआ है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। थाना प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि सभी पर गंभीर धाराओंं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।