मिहींपुरवा। ग्राम मंझरा के सहजरामपुरवा गांव में किशोरी की हत्या में नामजद युवक का शव सोमवार सुबह गांव से बाहर पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक के भाई ने हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया है। मुर्तिहा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम मंझरा निवासी किशोरी निशा घर से संदिग्ध परिस्थितियों में शनिवार को गायब हो गई थी। परिजनों ने उसकी खोजबीन की और पुलिस को तहरीर देकर गांव के तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था, जिनमें रमेश भी शामिल था।
ग्राम प्रधान और परिजनों के अनुसार, रविवार शाम को किशोरी का शव गांव के पास बाग में झाड़ियों में मिला था। किशोरी की गला रेतकर हत्या की गई थी। मुर्तिहा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
किशोरी की मौत की गुत्थी सुलझने से पहले ही सोमवार सुबह खेत जा रहे ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक पेड़ पर फंदे से रमेश का शव लटका देखा। यह सूचना मिलते ही रमेश के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्राम प्रधान ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस चौकी में पूछताछ के बाद लौट रहा था घर, की गई हत्या
रमेश के भाई शिवपूजन ने बताया कि रविवार की रात पुलिस चौकी से रमेश को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। वह घर से पुलिस के पास जाने के लिए निकला, लेकिन करीब 15 मिनट बाद उसने घर फोन कर बताया कि कुछ लोग उसके पीछे लगे हुए हैं। इसके बाद फोन कट गया। काफी देर तक उससे संपर्क नहीं हो सका। खोजबीन के दौरान सुबह उसका शव पेड़ से लटकता मिला। शिवपूजन ने आशंका जताते हुए कहा कि उसके भाई की हत्या कर शव को लटकाया गया है। शिवपूजन ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
दोनों मौतें संदिग्ध, पुलिस कह रही जांच
सीओ मिहींपुरवा हर्षिता तिवारी ने बताया कि दो दिन पहले किशोरी के गायब होने पर उसके परिजनों ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जिनमें रमेश भी शामिल था। रविवार को किशोरी का शव बरामद होने के बाद सोमवार सुबह रमेश का शव पेड़ से लटका मिला। दोनों मौतें संदिग्ध प्रतीत हो रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।