पयागपुर (बहराइच)। ग्राम पंचायत सुहेलवा के पास से गुजरी सरयू नहर में शुक्रवार की दोपहर एक युवक का शव उतराता हुआ मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया और पहचान करवाई। युवक की पहचान चंदवापुर निवासी मुंशीलाल (20) के रूप में हुई है। मौत की सूचना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि मुंशीलाल मूक-बधिर था। ऐसे में वह नहर किनारे कैसे पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई यह संदिग्ध है। प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेश मणि मिश्रा ने बताया कि ग्रामीणों से पूछताछ में युवक के मूक-बधिर होने की सूचना मिली है। युवक नहर में कैसे डूबा इसका पता लगाया जा रहा है, हर पहलू पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का सही कारण स्पष्ट होगा।