बहराइच। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती परीक्षा बुधवार से जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर शुरू होगी। दो दिन तक चलने वाली परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानंद ने बताया कि परीक्षा तीन और चार जून को दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक संचालित होगी। परीक्षा में 2227 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने सभी अधिकारियों को परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों की सघन जांच, प्रवेश व्यवस्था, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
राजकीय इंटर कॉलेज, बहराइच
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बहराइच
आर्य कन्या इंटर कॉलेज, बहराइच
तारा महिला इंटर कॉलेज, बहराइच
महाराज सिंह इंटर कॉलेज, बहराइच
वैद्य भगवानदीन मिश्र गांधी इंटर कॉलेज, बहराइच
जवाहर नवोदय विद्यालय, कीर्तनपुर