रुपईडीहा (बहराइच)। नेपाल सीमा से फैल रहे कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए एसएसबी कैंप के बगल में अस्थायी जांच कैंप का निर्माण शुरू करा दिया गया है। कोरोना वायरस को लेकर अब सीमा से आने-जाने वाले महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग जांच की जाएगी। खंड विकास अधिकारी की अगुवाई में जांच कैंप का निर्माण कराया जा रहा है।
भारत व नेपाल की सीमा पूरी तरह से खुली हुई है। यहां दोनों देशों के साथ ही अन्य देशों के लोग भी आवागमन करते हैं। खुली सीमा से चीन के रास्ते भारत में कोरोना वायरस का संक्रमण फैल सकता है। इसको देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। यूपी सरकार के निर्देश पर सीमा पर करीब एक सप्ताह से लगातार स्वास्थ्य टीम आने-जाने वाले लोगों की गहनता से जांच कर रही है।
वहीं, कोरोना वायरस की जांच को और अधिक सघनता से किए जाने के लिए सशस्त्र सीमा बल की बटालियन के बगल में एक अस्थायी कैंप का निर्माण भी शुरू करा दिया गया है। यहां बैरीकेडिंग लगाने के साथ ही अन्य निर्माण कार्य कराया जा रहा है। कैंप बनने के बाद यहां महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग थर्मल जांच की जाएगी। खंड विकास अधिकारी नवाबगंज चंद्रशेखर प्रसाद की अगुवाई में निर्माण कार्य करने में टीम जुटी हुई है।