बहराइच। जिला स्तरीय बाल क्रीड़ा समारोह का आयोजन सोमवार को पुलिस लाइन मैदान में हुआ। इस मौके पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में तेजवापुर की टीम ने बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय को अव्वल स्थान पर रखा। विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सुबह नौ बजे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सालिकराम वर्मा ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बीएसए डॉ. अमरकांत सिंह व एसपी सालिकराम वर्मा ने संयुक्त रूप से विद्यालयों की टीमों के मार्च पास्ट की सलामी ली, फिर प्रतियोगिताएं शुरू हुईं।
प्राथमिक स्तर 400 मीटर दौड़ में तेजवापुर की आरती व बालक वर्ग में नवाबगंज के विजय पाल अव्वल रहे। उच्च प्राथमिक वर्ग में बालिका वर्ग की पयागपुर की रजनी सिंह व बालक वर्ग में चित्तौरा के जुबेर अली प्रथम स्थान पर रहे।
कबड्डी बालक और बालिका वर्ग में फखरपुर की टीमों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर बालिका वर्ग की दौड़ में प्राथमिक विद्यालय तेजवापुर की छात्रा रिंकी प्रथम रही, जबकि 200 मीटर बालिका वर्ग में तेजवापुर की ही आरती अव्वल रही।
200 मीटर प्राथमिक स्तर बालिक वर्ग में रिसिया के काशीराम व उच्च प्राथमिक वर्ग में पयागपुर की संजना तिवारी प्रथम स्थान पर रहीं, जबकि बालक वर्ग में चित्तौरा के इबरार अली प्रथम रहे।
समापन के मौके पर प्रतिभागी टीमों और छात्र-छात्राओं को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर जिला व्यायाम शिक्षक वीरेंद्र पाल सिंह, रामूलाल, शरतचंद्र राय, राजेश कुमार, रेखा अग्रवाल, आसमां परवीन, महेंद्र प्रताप सिंह, अखिलेश कुमार आदि मौजूद रहे।