मोतीपुर/फखरपुर। नानपारा क्षेत्र में मेला देखकर घर लौट रहा किशोर बृहस्पतिवार शाम ट्रैक्टर की चपेट में आ गया, हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसी शाम हरदी निवासी बाइक सवार युवक अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे सीएचसी फखरपुर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
नानपारा क्षेत्र के कौवाभारी, लक्ष्मणपुर मटेही निवासी सोनू (14) बृहस्पतिवार शाम अपने पिता के साथ मोतीपुर इलाके में मेला देखने गया था। मेला देखने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। मेला परिसर से कुछ ही दूरी पर सोनू एक ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जब तक उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जाता, मौत हो गई।
उधर, फखरपुर क्षेत्र में लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ग्राम मलूकपुर के पास बृहस्पतिवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार घुमनी, नथुआपुर, हरदी निवासी लवकुश वर्मा (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग गया।
स्थानीय लोगों ने घायल लवकुश को सीएचसी फखरपुर पहुंचाया। चिकित्सक प्राथमिक उपचार कर उन्हें मेडिकल कॉलेज भेजने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था।
थाना प्रभारी रामकुमार राजभर ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। एएसपी नगर आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि वाहन चालक की तलाश के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है।