रिसिया/फखरपुर(बहराइच)। तेज रफ्तार के चलते बृहस्पतिवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दुर्घटनाओं में एक किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। किशोर की मौत के बाद चालक मौके पर कार छोड़ कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार कब्जे में ले लिया और किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रिसिया थाना क्षेत्र के अंसारी पुरवा निवासी व्यास कुमार(15) पुत्र राजेश कुमार बाइक से अपने रिश्तेदार को छोड़ने रेलवे स्टेशन गया था। लौटते समय आसाम रोड पर हुसैनपुर के पास एक तेज रफ्तार कार ने किशोर के साइकिल में टक्कर मार दी। जिससे व्यास की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दुर्घटना के बाद कार चालक कार मौके पर छोड़ कर फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची रिसिया पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी। ड्राइवर की तलाश की जा रही है। वहीं फखरपुर थाना क्षेत्र के बहराइच-लखनऊ मार्ग पर कनापुर चौराहे के पास एक तेज रफ्तार कार ने रवि (7) को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने बालक को सीएचसी कैसरगंज में भर्ती करवाया है। रवि के परिजनों ने बताया कि वह पतंग खरीदने के लिए घर से निकला था।