बहराइच/फखरपुर। जिले में शुक्रवार देर शाम हुए सड़क हादसों में पुत्र की मौत हो गई जबकि पिता समेत तीन लोग घायल हो गए। दोनों हादसों का कारण घने कोहरे के बीच ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर रही। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भजिकर घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
कोतवाली देहात के ग्राम ढोढायल टेपरा निवासी रामकुमार (45) अपने बेटे सचिन (15) के साथ बाइक से शुक्रवार शाम चेतरा गांव जा रहे थे। घर से कुछ दूर पहुंचे ही थे कि मिट्टी लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्र-ली ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक पलट गई और सचिन ट्रॉली के नीचे आ गया। सचिन को गंभीर चोट आई, जबकि पिता को हल्की चोट पहुंची।
पिता और पुत्र को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सचिन को मृत घोषित कर दिया। सचिन कक्षा 12 का छात्र था। चौकी इंचार्ज बेड़नापुर हेमंत सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है।
उधर लखनऊ-बहराइच मार्ग पर झिंगुरी पुल के पास शुक्रवार रात लगभग आठ बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार भाटी कुंडा गांव निवासी अजय (35) व कंठीपुरवा गांव निवासी संदीप (32) घायल हो गए। थानाध्यक्ष संजीव सिंह ने बताया घना कोहरा होने के चलते हादसा होने की आशंका है। घायलों को फखरपुर सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।