बहराइच/चित्तौरा। बलरामपुर जिले के भेरिया जंगल में मंगलवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में घायल किशोर की बहराइच मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही मौत हो गई, जबकि दूसरे हादसे में तीन अन्य युवक घायल हो गए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
महेशभारी गांव निवासी राधेश्याम गुप्ता ने बताया कि उनका छोटा बेटा दीपक (14) मंगलवार सुबह बाइक से देवरावा गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। देर शाम लौटते समय राजपुर भेरिया जंगल के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दीपक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे तत्काल बलरामपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर बहराइच-गोंडा मार्ग पर बेरिया गांव के निकट बाइक के अनियंत्रित होकर पलट जाने से गोंडा जिले के शुकुलपुरवा गांव निवासी राजेश (19), रामकुमार (21) और जगदीश (41) घायल हो गए। घायलों का इलाज स्थानीय चिकित्सक के पास कराया गया, इसके बाद सभी को घर भेज दिया गया।