दो माह पहले पांच लोगों ने अंजाम दी थी वारदात
अपहरण, एससी एसटी एक्ट, धर्म परिवर्तन व सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी।खैरीघाट (बहराइच )। दो माह पहले दबंगों ने ननिहाल में रह रही किशोरी का खेत से अपहरण कर लिया। बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। धर्म परिवर्तन कराते हुए निकाह करने के बाद बेहोशी की हालत में घर पर छोड़ गए। लोक लाज के भय से परिजन चुप्पी साधे रहे। इसके बाद आरोपी किशोरी को विदा न करने पर परिजनों सहित जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता की शिकायत पर बृहस्पतिवार को पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच पड़ताल के बाद पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं।
हरदी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया। उसकी वृद्ध मां की देखभाल के लिए उसकी मूकबधिर बहन अपनी 15 वर्षीय पुत्री के साथ रहती है। बीती तीन फरवरी को उनके पड़ोस में रहने वाले अनीस, सद्दाम, मोहितदीन, अलीम, बऊरा जबरदस्ती उसकी बहन की नाबालिग पुत्री को उठा ले गए। काफी प्रयास के बाद तीन दिन बाद किसी से शिकायत न करने की शर्त पर बेहोशी की हालत में घर पर छोड़ गए। हालत में सुधार होने के बाद किशोरी ने परिजनों को बताया कि उक्त लोग उसको जबरदस्ती किसी दूसरे गांव में ले गए थे। जहां बंधक बनाकर तीन दिनों तक पांचों लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। अपहरण के दूसरे दिन मौलवी को बुलवाकर उसका धर्म परिवर्तन कराते हुए जबरदस्ती निकाह करा दिया।
लोक लाज की वजह से वह लोग चुप रहे। लेकिन अब आरोपी किशोरी को अपने साथ भेजने की जिद कर रहे हैं न भेजने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। तहरीर पर पुलिस ने पांचों आरोपियों पर सामूहिक दुष्कर्म, एससी एसटी एक्ट, अपहरण,पाक्सो, धर्म परिवर्तन सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
एसपी ने लिया मौके का जायजा
किशोरी को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म करने की घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस विभाग में अफरा तफरी मच गई। सूचना पर मौके पर एसपी वृंदा शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डाॅक्टर पवित्र मोहन त्रिपाठी, सीओ महसी अनिल कुमार सिंह, थानाध्यक्ष हरदी संतोष कुमार पीड़िता के घर पहुंच कर जांचकर घटना की जानकारी ली।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें की गठित
पुलिस ने आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद कुछ को हिरासत में ले लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं फरार अन्य आरोपियों की तलाश में सर्विलांस, एसओजी, थाना पुलिस सहित कई टीमें लगा दी गई है। पीड़िता व उसके परिजनों के साथ ही गांव वालों से भी पूछताछ की गई है। लगाए गए आरोपों में साक्ष्य संकलन के दौरान कुछ आरोप संदिग्ध लग रहे है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। जिससे जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। -वृंदा शुक्ला, एसपी