बहराइच। मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए डीएम राजेश कुमार पांडेय ने प्रभावित क्षेत्रों का व्यापक सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से ऐसे घरों को चिह्नित करने को कहा है, जिनमें दरवाजे, छत या शौचालय नहीं हैं। शौचालय विहीन और बिना दरवाजा-खिड़की वाले कच्चे घरों में रहने वाले लोगों की सूची भी तैयार की जाएगी। सर्वे में गांवों में बिजली और सोलर स्ट्रीट लाइट की उपलब्धता का ब्योरा जुटाया जाएगा।
डीएम ने ग्राम सुरक्षा समितियों को सक्रिय करने और प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। वन्यजीवों की मौजूदगी के साक्ष्य मिलने वाले स्थानों पर सुरक्षित रेस्क्यू के लिए तत्काल पिंजरे लगाने तथा ग्रामीणों को सावधानियों की जानकारी देने को कहा। उन्होंने कहा कि तेंदुए समेत अन्य वन्यजीवों के हमलों में लोगों के घायल होने और जान गंवाने की घटनाएं रोकने के लिए वन विभाग व जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से काम करे।