बहराइच शहर में 10वीं मुहर्रम के ताजिया जुलूस में शामिल लोग। -संवाद
बहराइच। मुहर्रम पर शुक्रवार देर शाम शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में परंपरागत तरीके से ताजिया जुलूस निकाले गए। शहर के विभिन्न इलाकों से निकले जुलूसों में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए।
जुलूस बड़ी तकिया से शुरू होकर छोटी बाजार, बड़ीहाट मोहल्ला, बरहियापुरा, कचहरी रोड और चौक बाजार से होते हुए छावनी स्थित छोटी तकिया पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस में ताजिये, झांकियां शामिल रहीं। पूरे मार्ग में लोगों ने जगह-जगह स्टॉल लगाकर शरबत और खाने-पीने की चीजों का वितरण किया।
दरगाह शरीफ क्षेत्र में भी ताजिया जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत कर इमाम हुसैन को खिराज-ए-अकीदत पेश किया। चित्तौरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत नगरौर में जुलूस निकाला गया। सुबह से सभी इमामबाड़ों में मजलिस और मातम का सिलसिला चलता रहा। शाम को अमीरमाह स्थित बड़े ताजिये पर नजर-नियाज के बाद मरहूम असगर मेहंदी के आवास से अंजुमन के अलम का जुलूस निकला, जो हुसैन चौकी पहुंचा।
यहां मजलिस के बाद दुलदुल निकाला गया और मातमी दस्तों ने जंजीर का मातम किया। इसके बाद जुलूस अपने कदीमी रास्तों से मातम करते हुए कर्बला पहुंचा, जहां मजलिस के बाद जुलूस का समापन हुआ। जुलूस के बाद हुसैन चौकी पर शाम-ए-गरीबा की मजलिस हुई, जिसे जाकिर नदीम रिजवी ने संबोधित किया। पूरे आयोजन के दौरान हजारों अकीदतमंद मौजूद रहे।