नानपारा-मिहींपुरवा मार्ग पर नान्हूजोत गांव के पास सड़क हादसे में दो लोगों की मौत के बाद बिलखते
शिवपुर/महसी। थाना क्षेत्र नानपारा में शिवपुर मार्ग पर बंजारन टांड़ा के पास एक बाइक सवार व ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच हुई टक्कर में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी ओर नानपारा-मिहींपुरवा मार्ग पर एक बस व बाइक सवार के बीच हुई टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। नानपारा में ही शुक्रवार देर रात बालिका की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। महसी व फखरपुर क्षेत्र में हुईं दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। उनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। चार लोगों की मौत होने से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना खैरीघाट के ग्राम करीमबख्श पुरवा निवासी समीर (32) शनिवार की दोपहर लगभग ढाई बजे दवा लेने के लिए बाइक से नानपारा जा रहे थे। इसी दौरान नानपारा-शिवपुर मार्ग पर बंजारन टांड़ा के पास स्थित पेट्रोल पंप के पास ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक में टक्कर लग गई। इससे समीर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नानपारा-मिहींपुरवा मार्ग पर शनिवार को दोपहर तीन बजे नान्हू जोत मोड़ से लगभग सौ मीटर की दूरी पर मिहींपुरवा की ओर से आ रही निजी बस व बाइक में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। हादसे में बाइक सवार महेश (30) व करण (21) निवासी ग्राम लोधनपुरवा थाना मोतीपुर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस कर्मियों ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। परिजनों को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है। दो युवकों की मौत के बाद उनके गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
उधर, नानपारा क्षेत्र में ही शुक्रवार देर रात मिहींपुरवा मार्ग पर ग्राम अल्लापुरवा निवासी लक्ष्मी देवी (12) को ट्रक से टक्कर लग गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके से भाग रहे ट्रक ने बाइक सवार गुफ्तारपुरवा निवासी साजिद (25) को भी टक्कर मार दी। हालांकि मामूली चोटें आईं।
तहसील महसी के हरदी थाना क्षेत्र में ग्राम बै
सनपुरवा के पास बहराइच-सीतापुर मार्ग पर पिकअप चालक ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार कृपाराम (52) निवासी बेगमपुर थाना रामगांव गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस कर्मियों ने लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया है।
फखरपुर थाना क्षेत्र के शरदपारा निवासी अरविंद (25) शुक्रवार देर रात अपने घर लौट रहे थे। शरदपारा मार्ग पर बीबीपुर के पास किसी अज्ञात वाहन से उन्हें टक्कर लग गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें सीएचसी ले गए। वहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था।