बाबागंज (बहराइच)। बाबागंज रेलवे स्टेशन परिसर में रविवार देर शाम एक तांत्रिक ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। ग्रामीणों के दौड़ने पर तांत्रिक तालाब में कूद गया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तांत्रिक को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है। उसके ऊपर गोंडा में कई मुकदमे दर्ज हैं।
रुपईडीहा थाना अंतर्गत बाबागंज रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित बाग में एक तांत्रिक कई दिनों से तंत्र-मंत्र का काम करता था। रविवार देर शाम सुजौली निवासी विनोद उर्फ कालिया पुत्र श्यामा प्रसाद बाबा के पास पहुंचा। ग्रामीणों के मुताबिक बलि देने के लिए तांत्रिक ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।
युवक के चीखने पर आसपास के ग्रामीण एकत्रित हुए। इस पर तांत्रिक पास में स्थित तालाब में कूद गया। ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से उसे घेरकर पकड़ लिया। थानाध्यक्ष मनीष कुमार पांडेय ने बताया कि युवक पर चाकू से हमला करने वाले साधु को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
साधु की पहचान गोंडा जिले के कटरिया भरत मिलाप चौराहा निवासी भरतलाल पुत्र मंगल प्रसाद के रूप में हुई है। उसके खिलाफ गोंडा में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। वह आपराधिक प्रवृत्ति का है। इस दौरान एसआई सोमपाल गंगवार समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।