संडे ऑन साइकिल अभियान में साइकिल चलाते जवान। - स्रोत : एसएसबी
मिहींपुरवा/बाबागंज। गणतंत्र दिवस के अवसर पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के विशेष साझेदार के रूप में सशस्त्र सीमा बल की 59वीं और 42वीं वाहिनी द्वारा रविवार को संयुक्त रूप से ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान 59वीं वाहिनी मुख्यालय अगईया नानपारा और अधीनस्थ सीमा चौकियों पर फिटनेस गतिविधि के रूप में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में दोनों वाहिनियों के अधिकारी और जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह के समय साइकिल चलाकर सभी ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर 59वीं वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट अभिनव कश्यप ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए नियमित व्यायाम और साइकिल चलाना बेहद जरूरी है। जवानों को दिनचर्या में फिटनेस शामिल करने के लिए प्रेरित किया।