कैसरगंज (बहराइच)। पारले चीनी मिल परसेंडी के पेराई सत्र का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। महाप्रबंधक ने डोंगे में गन्ना डाल कर सत्र का शुभारंभ किया। पेराई सत्र के शुभारंभ के दौरान कोविड़-19 के नियमों का पालन कराया गया। गन्ना लेकर आए किसानों का माला पहनाकर स्वागत किया गया। जीएम ने किसानों को गन्ना पर्ची समय से जारी करने और तौल में किसी तरह की समस्या न होने देने का आश्वासन दिया।
महाप्रबंधक अनिल सखूजा ने कहा कि मिल व गन्ना किसान एक दूसरे के पूरक हैं। मिल सदैव गन्ना किसानों के हितों के लिए काम करती रही है। उन्होंने बताया कि इस बार 70 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य रखा गया है। जीएम ने कहा कि गन्ना किसानों को मासिक सट्टे के अनुसार समय से पर्ची जारी करने की दिशा में मिल प्रबंधन पूरी तरह से तैयार है। किसानों को केंद्रों पर तौल कराने में समस्या न आए। इसका भी ध्यान रखा जा रहा है। महाप्रबंधक ने किसानों से साफ-सुथरा, ताजा, जड़, अगोला पत्ती रहित गन्ने की आपूर्ति करने की अपील की। बेलहरी के गन्ना किसान अभिषेक सिंह की प्रथम बैलगाड़ी व महमूदपुर के किसान राकेश कुमार की प्रथम ट्रैक्टर-ट्रॉली की तौल करा कर पेराई सत्र की शुभारंभ किया गया।