बहराइच। बिना छुट्टी के गायब होकर गोरखपुर जिले में तांडव मचाने वाले एसआई को बहराइच एसपी ने सस्पेंड कर दिया है। विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
जिले में तैनात एसआई नरेंद्र चौधरी मंगलवार की रात बिना छुट्टी व किसी सूचना के गोरखपुर जिले के गीडा थाना क्षेत्र के रंजीतवा टोला गांव में पहुंच गए। आरोप है कि यहां किसी के घर में घुसकर किसी युवती को अपनी सरकारी पिस्टल की नोक पर जबरदस्ती गाड़ी में बैठा रहे थे। युवती के विरोध व शोर-शराबे पर परिजन व आसपास के लोग जाग गए और आरोपी दरोगा को दबोच लिया।
चर्चा है कि दरोगा की पिटाई भी ग्रामीणों ने कर दी। सूचना पर पहुंची गीडा थाने की पुलिस हिरासत में लेकर थाने चली गई। थानाध्यक्ष ने घटना की जानकारी गोरखपुर एसएसपी को दी। विभागीय मामला व बहराइच जिले में तैनाती होने के कारण घटना की जानकारी एसएसपी गोरखपुर दिनेश कुमार ने बहराइच एसपी सुजाता सिंह को दी। एसपी ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही आरोपी दरोगा को सस्पेंड कर दिया गया है। दरोगा बिना किसी छुट्टी व सूचना के जिले से गायब हुआ था। आरोपी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। नियम व कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।