बहराइच। यूपी बोर्ड की लापरवाही का खामियाजा छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। गुरुवार को महात्मा बुद्ध परीक्षा केंद्र पर इम्तिहान देने पहुंचीं सात छात्राओं को प्रवेश पत्र में गलत नाम अंकन के चलते परीक्षा से वंचित कर दिया गया।
छात्राओं ने अभिभावकों के साथ परीक्षा केंद्र के बाहर प्रदर्शन कर नगर मजिस्ट्रेट को पत्र सौंपा। इसके बाद कोतवाली नगर में सिटी मांटेसरी स्कूल की प्रधानाचार्या सुधा निगम के खिलाफ तहरीर दी है।
कोतवाल संजय सिंह का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई करेंगे। शहर निवासी महिमा बंसल, शिफा खान, प्रीती जायसवाल, श्वेता सिंह, पूर्वी श्रीवास्तव, सिमरन कश्यप और लक्ष्मी शहर के मेवातीपुरा में स्थित सिटी मांटेसरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कक्षा 10 की छात्राएं हैं।
इन छात्राओं का परीक्षा केंद्र दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र अंतर्गत महात्मा बुद्ध पब्लिक स्कूल को बनाया गया है। छात्राओं ने बताया कि बुधवार को उन्हें प्रवेश पत्र दिया गया तो उस पर छात्राओं का नाम गलत था।
इस पर आपत्ति की गई लेकिन स्कूल प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। गुरुवार सुबह छात्राएं परीक्षा देने महात्मा बुद्ध परीक्षा केंद्र पहुंची तो यहां पर केंद्र व्यवस्थापक ने प्रवेश पत्र में नाम गलत होने के चलते सभी सात छात्राओं को परीक्षा केंद्र से बाहर कर दिया।
इससे खफा होकर छात्राओं ने अभिभावकों के साथ परीक्षा केंद्र के सामने प्रदर्शन किया। इसके बाद डीआईओएस कार्यालय पहुंची लेकिन डीआईओएस मिले नहीं।
शाम को छात्राओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम से मिलने का प्रयास किया लेकिन वह भी मौजूद नहीं थे। नगर मजिस्ट्रेट वीएन पांडेय ने बोर्ड के अधिकारियों से बात कर समस्या का समाधान कराने की बात कही है।